दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। केदारनाथ धाम में मौसम ने करवट लेते हुए बृहस्पतिवार सुबह जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते बाबा केदार की नगरी सफेद चादर में लिपट गई। धाम की चोटियों और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की खूबसूरत परत जमने से यहां का नजारा बेहद मनमोहक हो गया। बर्फबारी के बीच बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को देखकर उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु बर्फ से ढके धाम की तस्वीरें और वीडियो कैमरे में कैद करते दिखे, जबकि कुछ ने सेल्फी लेकर इस यादगार पल को संजोया।
बीते दो दिनों से केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी और ठंड का दौर जारी है। मौसम प्रतिकूल होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं, ऐसे में कपाट बंद होने से पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं।इस यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 60 हजार 360 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को ही 8,376 श्रद्धालुओं ने धाम में पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।वहीं, केदारनाथ धाम में बर्फबारी के साथ ही जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के अलावा उखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी
केदारनाथ के साथ ही गंगोत्री धाम में भी बर्फबारी शुरू हो गई है। बर्फबारी के बाद धाम और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। सफेद बर्फ से ढके गंगोत्री धाम का नजारा भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। पहाड़ों में बदले मौसम ने सर्दी का अहसास और बढ़ा दिया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर प्रशासन की नजर ; यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने, खान-पान, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। संबंधित विभागों को यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौसम की चुनौती के बीच भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। बर्फबारी के बीच बाबा केदार की नगरी का मनमोहक रूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ठंड और प्रतिकूल मौसम के बावजूद भक्तों की आस्था मजबूत है और कपाट बंद होने से पहले बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सिलसिला लगातार जारी है।


बर्फबारी के बीच भी बाबा








