दस्तक पहाड़ | देहरादून/रुद्रप्रयाग।ऑनलाइन ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर मोटे मुनाफे, विदेश यात्राओं और कम समय में अमीर बनने का सपना दिखाकर उत्तराखंड के हजारों लोगों से 1200 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले नेटवर्क पर उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ की विशेष टीम ने मामले में देहरादून से दो आरोपियों नवीन सिंह नेगी और कविता परमार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में रुद्रप्रयाग जिले के बीरों देवल निवासी नवीन सिंह नेगी की गिरफ्तारी से जनपद का कनेक्शन भी सामने आया है।एसटीएफ की जांच के अनुसार, विदेश में बैठा मुख्य आरोपी लविश चौधरी इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। आरोप है कि वह बोटब्रो, बोटअल्फा, क्रॉस मार्केट, माइन क्रिप्टो, मेटा ट्रेड-5, फाइनेंशियल फ्रीडम और टीएलसी कॉइन जैसी कंपनियों के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए आकर्षित कर रहा था। जांच में सामने आया कि संबंधित कंपनियां भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) में पंजीकृत नहीं थीं।
एसटीएफ के मुताबिक, रुद्रप्रयाग निवासी नवीन सिंह नेगी वर्तमान में देहरादून के रायपुर क्षेत्र में रह रहा था और वर्ष 2022 से क्यूएफएक्स कंपनी से जुड़ा हुआ था। शुरुआत में उसने खुद निवेश कर लाभ प्राप्त किया। इसके बाद विदेश में बैठे लविश चौधरी के संपर्क में आने पर बोटब्रो और बोटअल्फा जैसी कंपनियों के माध्यम से लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने प्रदेश में हजारों लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ा और 1200 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी में उसकी भूमिका सामने आई है।एसटीएफ के आईजी के अनुसार, यह नेटवर्क केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि पूरे देश में फैला हुआ था। इस नेटवर्क के जरिए देशभर में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की ठगी किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
कंपनी बंद होने के बाद भी जारी रखा नेटवर्क: जांच में यह भी सामने आया कि बोटब्रो कंपनी बंद होने और उसके खिलाफ विभिन्न मुकदमे दर्ज होने के बावजूद नवीन सिंह नेगी ने लोगों को जोड़ने का काम बंद नहीं किया। आरोप है कि वह रिसेनवेज नाम से नई कंपनी का प्रचार कर रहा था। इसके लिए जूम मीटिंग के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन बिजनेस से जुड़ने और निवेश करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।एसटीएफ के अनुसार, नवीन इस नई कंपनी में किंग लेवल की पोजीशन का पोर्टफोलियो धारक था। दोबारा इसी तरह की धोखाधड़ी की आशंका को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया गया।
एसटीएफ की लोगों से अपील : एसटीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर अत्यधिक मुनाफे, विदेश यात्राओं और कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देने वाली अनधिकृत कंपनियों के झांसे में न आएं। किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसके आरबीआई और सेबी में पंजीकरण तथा वैधता की जांच अवश्य करें।इस कार्रवाई के बाद रुद्रप्रयाग जिले में भी इस मामले को लेकर चर्चा है। जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और निवेशकों की भूमिका को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की संभावना है।










