दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। विकासखंड ऊखीमठ के घूतू-नागराज-सल्या-तुलंगा मोटरमार्ग के निर्माण कार्य में हो रही देरी और सड़क की खराब स्थिति को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने विभाग और निर्माण कार्य कर रही फर्म की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सूरज नेगी ने बताया कि लगभग 7 किलोमीटर लंबे मोटरमार्ग के अपग्रेडेशन के लिए वर्ष 2024 में शासन से 7 करोड़ 5 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सिंचाई खंड रुद्रप्रयाग द्वारा आरबी ग्रुप डेवलप एंड बिल्डर्स कंपनी के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। निर्धारित समय के अनुसार जनवरी 2025 में कार्य पूरा कर सड़क को ग्रामीणों के आवागमन के लिए सुचारु किया जाना था।नेगी के अनुसार, निर्धारित समय बीतने के बाद भी सितंबर 2026 तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि सल्या, लवाणी, तुलंगा समेत करीब 12 गांवों के ग्रामीणों को इस सड़क का लाभ मिलना था, लेकिन निर्माण कार्य की धीमी प्रगति के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की धीमी गति और गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने फरवरी 2026 में ऊखीमठ के उपजिलाधिकारी से शिकायत भी की थी। इसके बाद संबंधित अधिकारियों की ओर से निर्माण कार्य कर रही फर्म को चेतावनी पत्र जारी किया गया, लेकिन नेगी का आरोप है कि इसके आगे प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।सूरज नेगी ने कहा कि विभागीय स्तर पर निर्माण कार्य में देरी करने वाली फर्म के खिलाफ अब तक केवल पत्राचार तक कार्रवाई सीमित रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये स्वीकृत किए जाते हैं, तो उनके निर्माण कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है।उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़कों की बदहाली के लिए आखिर जिम्मेदार विभाग है या निर्माण कार्य कर रही फर्म, इसका जवाब संबंधित अधिकारियों को देना चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि मोटरमार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जांच कराकर निर्धारित समय में कार्य पूरा कराया जाए तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।











