दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 24 सितंबर 2026 को जिला कार्यालय सभागार, रुद्रप्रयाग में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से शुरू होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि रोजगार मेले में विभिन्न नियोजक एवं कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों की ओर से उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 19 सितंबर 2026 से जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्रातः 10 बजे से पूर्व पंजीकरण शुरू किया गया है। इच्छुक युवा निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा (रिज्यूमे), मूल शैक्षिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा आईडी प्रूफ अनिवार्य रूप से लाना होगा।मेले के दौरान रोजगार के इच्छुक युवाओं को विभिन्न नियोजकों के साथ-साथ सेवायोजन विभाग एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों की ओर से वृत्तिक परामर्श और रोजगार मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।जिला सेवायोजन अधिकारी ने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।











