दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले में पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद के बीच मंगलवार की सांस्कृतिक संध्या में दर्शकों की कम मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। जिस पंडाल में एक दिन पहले तक दर्शकों की भारी भीड़ नजर आ रही थी, उसी पंडाल में आज वीआईपी दीर्घा से लेकर सामान्य दर्शक दीर्घा तक अधिकांश कुर्सियां खाली दिखाई दीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान दर्शकों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति को लेकर अब क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सवाल उठ रहे हैं कि क्या मेले को लेकर चल रहे विवाद का असर दर्शकों की मौजूदगी पर पड़ा है या फिर आयोजकों के प्रति लोगों की नाराजगी इसकी वजह है? हालांकि, दर्शकों की कम उपस्थिति के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से मेला आयोजन को लेकर जनप्रतिनिधियों और मेला समिति के बीच विवाद सुर्खियों में है। बयानबाजी से शुरू हुआ मामला अब एफआईआर और कानूनी कार्रवाई तक पहुंच चुका है। ऐसे में सांस्कृतिक संध्या में खाली पड़ी कुर्सियों को इस पूरे घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है।स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि मंदाकिनी शरदोत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, परंपरा और जनभागीदारी का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में लोगों की सहभागिता ही उनकी वास्तविक सफलता मानी जाती है।अब जरूरत इस बात की है कि सभी पक्ष आपसी मतभेदों को किनारे रखकर मेले की गरिमा और परंपरा को बनाए रखने के लिए सकारात्मक पहल करें।
क्योंकि मेला किसी व्यक्ति या समिति का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत है। भीड़ केवल आयोजन से नहीं, बल्कि विश्वास, समन्वय और अपनत्व से जुटती है।










