दस्तक पहाड़ न्यूज गोपेश्वर।। परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली 10 वर्षीय मासूम बच्ची को PRD जवान की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। बच्ची अकेले मंडल से चोपता की ओर जा रही थी। गनीमत रही कि रास्ते में तैनात PRD जवान की नजर उस पर पड़ गई और एक संभावित अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर 2026 को कोतवाली गोपेश्वर क्षेत्र के जड़ी-बूटी शोध संस्थान, मंडल के समीप ड्यूटी पर तैनात PRD जवान दिनेश लाल ने एक 10 वर्षीय बालिका को अकेले मंडल से चोपता की ओर जाते देखा। बच्ची को इस तरह अकेले जाते देख जवान ने उसे रोककर प्यार से पूछताछ की। इस दौरान बालिका ने बताया कि वह परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई है और चोपता जा रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए PRD जवान दिनेश लाल ने तत्काल इसकी सूचना चौकी प्रभारी मंडल, अपर उपनिरीक्षक विपिन त्यागी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बालिका को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी मंडल पहुंचाया और उसके परिजनों को सूचना देकर चौकी बुलाया। कुछ ही देर में परिजन चौकी पहुंचे, जिसके बाद बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
घने जंगल और जंगली जानवरों का था खतरा : गौरतलब है कि मंडल से चोपता जाने वाले सड़क मार्ग के दोनों ओर घना जंगल है। इस क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में महज 10 वर्ष की बच्ची का अकेले इस सुनसान रास्ते पर आगे बढ़ना किसी गंभीर अनहोनी का कारण बन सकता था। लेकिन PRD जवान की सजगता, सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच गई।
अभिभावकों के लिए जरूरी संदेश: यह घटना अभिभावकों के लिए भी एक सीख है कि बच्चों की छोटी-छोटी नाराजगी और भावनाओं को नजरअंदाज न करें। उन्हें डांटने के बजाय प्यार से समझाएं और उनकी बातों को गंभीरता से सुनें। बच्चों के मन में ऐसा विश्वास पैदा करें कि वे अपनी हर परेशानी बिना किसी डर के परिजनों से साझा कर सकें। आपका थोड़ा-सा समय, अपनापन और समझदारी बच्चों को किसी भी गलत कदम से बचा सकती है।


परिजनों की डांट से नाराज








