दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि के इंडोर हॉल में स्वर्गीय चंद्रबल्लभ बेंजवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन हो गया। जिला खेल कार्यालय रुद्रप्रयाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही स्व. बेंजवाल के प्रेरणादायी योगदान को याद करना रहा।
प्रतियोगिता के सीनियर डबल वर्ग में नवीन बिष्ट और विक्रांत कुंवर की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता जोड़ी को ₹8,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं प्रमोद रावत और संतोष नौटियाल की जोड़ी उपविजेता रही, जिन्हें ₹4,000 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, नगर पंचायत अगस्त्यमुनि की अधिशासी अधिकारी निकिता भट्ट तथा क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राधिका ने संयुक्त रूप से किया।
गौरतलब है कि स्व. चंद्रबल्लभ बेंजवाल कोरोना महामारी के कठिन दौर में स्वदेशी वैक्सीन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े व्यक्तित्व थे। वे बिबकोल (भारत इम्यूनोलॉजिकल्स एंड बायोलॉजिकल्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड) में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत रहे। उन्होंने देश में पोलियो वैक्सीन के निर्माण और टीकाकरण अभियान में भी अहम योगदान दिया था। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्व. बेंजवाल का विज्ञान, स्वास्थ्य सेवा और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल है। आयोजकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।










