दस्तक पहाड़ न्यूज रुद्रप्रयाग।। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) रुद्रप्रयाग द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान रुद्रप्रयाग सहित उत्तराखंड के 11 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस अवधि में गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
प्रभावित जिलों में रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं।
प्रशासन ने आम जनता और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है। अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, चारधाम यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने तथा बिजली चमकने के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी गई है। यह अलर्ट 03 मई दोपहर 1:15 बजे तक प्रभावी रहेगा। यह जानकारी SDMA उत्तराखंड और CAP-SACHET के इनपुट के आधार पर जारी की गई है।











