दस्तक पहाड न्यूज । चारधाम यात्रा के दौरान नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में सोनप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौरीकुण्ड क्षेत्र से एक नेपाली तस्कर को 1.080 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹2.16 लाख बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर द्वारा यात्रा मार्गों पर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।21 मई 2026 को चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गौरीकुण्ड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक नेपाली मूल के व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 1.080 किलोग्राम चरस बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी के पास से एक इनफिनिक्स कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसमें भारतीय और नेपाली दोनों सिम कार्ड सक्रिय पाए गए। इसके अलावा उसके कब्जे से ₹6,070 भारतीय मुद्रा तथा 450 नेपाली रुपये भी बरामद किए गए।प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चरस नेपाल से लेकर आया था और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर इसे ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हस्त बहादुर शाही (37 वर्ष) पुत्र लोक बहादुर शाही निवासी गांव पालिका रास्कोट (वार्ड नं. 5), जिला कालीकोट, कर्णाली प्रदेश, नेपाल हाल निवासी गौरीकुण्ड के रूप में हुई है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत, आरक्षी विनोद सिंह तथा आरक्षी अर्जुन सिंह शामिल रहे।











