दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। धारी देवी के समीप सिरोबगड़ क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार भारी मलबा और पत्थर गिरने के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। पिछले करीब दो घंटे से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप है, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
लगातार मलबा गिरने के चलते मार्ग को खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की टीम मौके पर मौजूद है और जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।हाईवे बंद होने से बद्रीनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं सहित स्थानीय यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मार्ग खुलने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रुके रहें और बिना आवश्यकता जोखिम उठाकर आगे बढ़ने का प्रयास न करें।
मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास जारी हैं, हालांकि पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही यात्रा आगे बढ़ाने की अपील की है।











