दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग, 03 जुलाई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की ओर से शुरू किए गए “समाधान समारोह–2026” के तहत आम नागरिकों को आपसी सहमति से विवादों का त्वरित, सरल और कम खर्च में समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग की सचिव श्रीमती पायल सिंह ने जनपदवासियों से इस विशेष पहल का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि नालसा द्वारा 21 अप्रैल 2026 से समाधान समारोह–2026 की शुरुआत की गई है। इसके अंतर्गत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इससे पहले राज्य, जिला एवं तहसील विधिक सेवा प्राधिकरणों की ओर से प्री-लिटिगेशन (पूर्व वाद) सुलह वार्ताओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि न्यायालय में लंबित होने से पहले ही आपसी सहमति से मामलों का निस्तारण किया जा सके।श्रीमती पायल सिंह ने कहा कि लोक अदालत विवादों के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है, जहां दोनों पक्षों की स्वैच्छिक सहमति से मामलों का अंतिम निस्तारण किया जाता है। साथ ही, न्यायालय में जमा कोर्ट फीस नियमानुसार वापस कर दी जाती है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं।उन्होंने बताया कि दीवानी, वैवाहिक, बैंक ऋण, विद्युत, जल, श्रम, मोटर दुर्घटना दावा, चेक अनादरण (जहां समझौता संभव हो) सहित अन्य समझौतायोग्य मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से किया जा सकता है। ऐसे मामलों में संबंधित पक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग अथवा अपने निकटतम विधिक सहायता केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे समाधान समारोह–2026 का अधिकतम लाभ उठाकर अपने विवादों का शांतिपूर्ण एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें:
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग
☎️ 01364-233796, 9410108263











