दस्तक पहाड न्यूज पौड़ी गढ़वाल।। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने 92 वर्ष की आयु में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी ने अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनकी तबीयत बिगड़ने पर आवास पर चिकित्सक को भी बुलाया गया था। निधन की खबर की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल और परिवार की ओर से की गई है।माताजी के निधन की खबर मिलते ही पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक निवास पर लोगों और शुभचिंतकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। क्षेत्र के लोग शोक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता स्वर्गीय आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को कोविड काल के दौरान हुआ था। आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत रहे थे।योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बनने के बाद भी समय-समय पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर मां से मुलाकात करते रहे। फरवरी 2026 और मई 2022 में मां के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरें भी काफी चर्चा में रही थीं। वहीं, वर्ष 2024 में वे ऋषिकेश एम्स पहुंचकर अपनी मां का हालचाल जानने भी पहुंचे थे। सावित्री देवी के निधन से उनके पैतृक गांव पंचूर सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।










