दस्तक पहाड न्यूज देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में करीब 23 साल पहले सुर्खियों में रहा जैनी प्रकरण एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इंदिरा देवड़ी उर्फ जैनी की शिकायत पर असम के गुवाहाटी स्थित महिला थाने में हरक सिंह रावत के खिलाफ गंभीर आरोपों के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में 17 धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। इस घटनाक्रम से पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
जैनी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि वर्ष 2002-03 में जब वह करीब 16 वर्ष की थी, तब नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे देहरादून की यमुना कॉलोनी स्थित तत्कालीन मंत्री के सरकारी आवास पर पहुंचाया गया। महिला का दावा है कि वहां उसे करीब डेढ़ से दो महीने तक जबरन रखा गया और इस दौरान उसके साथ बार-बार यौन शोषण किया गया। शिकायत में मसूरी सहित अलग-अलग स्थानों के होटलों में ले जाने और होटल मधुबन का भी उल्लेख किया गया है। महिला ने गर्भावस्था के दौरान प्रताड़ित करने और नारी निकेतन में रखे जाने के आरोप भी लगाए हैं। इसके साथ ही साक्ष्य मिटाने और पुराने मामले की जांच में कथित अनियमितताओं के सवाल उठाए हैं।
पुरानी जांच पर भी उठाए सवाल: गौरतलब है कि वर्ष 2003 में इस प्रकरण के चलते हरक सिंह रावत को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। उस समय मामले की सीबीआई जांच हुई थी। डीएनए रिपोर्ट में कथित तौर पर मेल नहीं मिलने के बाद उन्हें क्लीन चिट मिली थी। अब जैनी ने पुरानी जांच और उससे जुड़े रिकॉर्ड पर सवाल उठाते हुए नए सिरे से जांच की मांग की है।
बेटे का डीएनए टेस्ट कराने की मांग: जैनी ने अपनी शिकायत में अपने और बेटे के बयान असमिया अनुवादक की मदद से मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराने तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने का अनुरोध किया है। साथ ही हरक सिंह रावत, स्वयं और अपने बेटे का न्यायालय की निगरानी में डीएनए परीक्षण कराने तथा पुराने रिकॉर्ड जब्त करने की मांग भी की है।
2016 के घटनाक्रम का भी जिक्र: महिला ने अपनी शिकायत में वर्ष 2016 के एक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया है। उसने दावा किया है कि उस दौरान हरक सिंह रावत के करीबी रहे योगेंद्र सिंह चौहान उससे मिलने पहुंचे थे। शिकायत में 9 नवंबर 2026 की प्रेस वार्ता के संदर्भ में उनकी पहचान करने की बात भी कही गई है।
फिलहाल इस पूरे प्रकरण में जैनी के आरोपों की सत्यता और उनके पीछे की परिस्थितियों की जांच होना बाकी है। सवाल यह भी है कि क्या पुराने मामले में सामने आए निष्कर्षों को चुनौती देने वाले नए आरोपों से कोई नया तथ्य सामने आएगा? जैनी सच बोल रही हैं या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच का विषय है। अब सबकी निगाहें असम पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।










