दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। रुद्रप्रयाग जनपद के सुरसाल निवासी अर्णव शौर्य बिष्ट ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर रुद्रप्रयाग और उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अर्णव ने IIT मुंबई से PhD पूरी करने के बाद अमेरिकी कंपनी GlobalFoundries, सिंगापुर में इलेक्ट्रॉनिक्स साइंटिस्ट के पद पर चयन हासिल किया है। बताया गया है कि उन्हें करीब एक करोड़ रुपये का वार्षिक पैकेज मिला है।
अर्णव की प्रारंभिक शिक्षा तिलवाड़ा क्षेत्र में हुई। बचपन से ही मेधावी और मेहनती रहे अर्णव ने स्कूली शिक्षा के दौरान ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था। उन्होंने कक्षा 10वीं में उत्तराखंड में 13वीं रैंक हासिल की और विद्या मंदिर सुमाड़ी से शिक्षा प्राप्त की। वहीं कक्षा 12वीं में उन्होंने प्रदेश में 9वीं रैंक हासिल की तथा विद्या मंदिर बेलनी से अपनी शिक्षा पूरी की।इसके बाद अर्णव ने NIT श्रीनगर से उच्च शिक्षा प्राप्त की और आगे IIT रुड़की में अध्ययन किया। अपनी शैक्षणिक यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए उन्होंने IIT मुंबई से PhD पूरी की। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित कंपनी GlobalFoundries में इलेक्ट्रॉनिक्स साइंटिस्ट के रूप में उनका चयन हुआ।अर्णव की सफलता में उनके परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके पिता राजकीय इंटर कॉलेज चौरिया भरदार, रुद्रप्रयाग में प्रधानाचार्य हैं, जबकि उनकी माता प्राथमिक विद्यालय रामपुर में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा और अनुशासन से जुड़े पारिवारिक परिवेश ने अर्णव को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।तिलवाड़ा की धरती से निकलकर NIT श्रीनगर, IIT रुड़की और IIT मुंबई तक का सफर तय करते हुए अंतरराष्ट्रीय कंपनी में महत्वपूर्ण पद हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। अर्णव की उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में भी नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता हैप्पी असवाल ने दी बधाई
तिलवाड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता हैप्पी असवाल ने अर्णव शौर्य बिष्ट की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि अर्णव ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन के बल पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि छोटे क्षेत्र से निकलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षा हासिल करने और अब अंतरराष्ट्रीय कंपनी में महत्वपूर्ण पद प्राप्त करना निश्चित रूप से गर्व का विषय है। हैप्पी असवाल ने कहा कि अर्णव की सफलता तिलवाड़ा और पूरे रुद्रप्रयाग के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अर्णव और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो पहाड़ का युवा भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने अर्णव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।


रुद्रप्रयाग के अर्णव शौर्य बिष्ट








