दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम बनतोली के समीप चट्टान का एक हिस्सा टूटने से मोरखण्डा नदी में मलबा और पत्थर आ गए। इसके चलते नदी का जलस्तर बढ़ गया है। घटना की सूचना डीडीआरएफ टीम मद्महेश्वर ने शाम करीब 6:03 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को दी।स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मंदाकिनी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि की आशंका जताते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी और रिन्यू जल विद्युत परियोजना, कुंड के अधिकारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया।
नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने के निर्देश
आमजन की सुरक्षा को देखते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग तथा नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ के अधिशासी अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी है। संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर रहने वाले तथा वहां से आवागमन करने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की अपील; प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।











