दस्तक पहाड न्यूज नंदानगर (चमोली)।। विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से एक छात्र और एक छात्रा के शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की पुष्टि स्थानीय मीडिया रिपोर्टों ने भी की है। बताया जा रहा है कि मृतकों में रामणी गांव निवासी कक्षा 12 का छात्र और कक्षा 11 में पढ़ने वाली छात्रा शामिल हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सुबह ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों तथा परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। ग्राम प्रधान कुंवर लाल के अनुसार घटना की सूचना नंदानगर पुलिस को दे दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही दोनों की मौत की परिस्थितियों का सही कारण सामने आ सकेगा। घटना के बाद रामणी गांव में शोक और मातम का माहौल है। दोनों परिवारों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।











