दस्तक पहाड न्यूज तिलवाड़ा।। तिलवाड़ा-तुनेटा मार्ग पर ग्राम स्यालसू के समीप रविवार को एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में स्कूटी चालक 23 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को खाई से बाहर निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार रविवार 13 सितंबर को दिन में करीब पौने दो बजे डायल-112 के माध्यम से ग्राम स्यालसू के समीप सड़क दुर्घटना की सूचना पुलिस को मिली। बताया गया कि स्कूटी संख्या यूके-13-ए-5604 तिलवाड़ा से तुनेटा की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही जखोली चौकी प्रभारी अपर उप निरीक्षक सोमवीर सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम की मदद से खाई में फंसे घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ग्रामीणों और बचाव दल की तत्परता से घायल को सड़क तक पहुंचाया गया।इसके बाद पुलिस के सरकारी वाहन से घायल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। पुलिस ने घटना की सूचना घायल के परिजनों को भी दी। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। घायल की पहचान सचिन पुत्र मुरारी लाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी तिलवाड़ा, जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।











