दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि में द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष एवं राबाइंका अगस्त्यमुनि की प्रधानाचार्य रागिनी नेगी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिला समन्वयक एवं राइंका मणिपुर के प्रधानाचार्य महावीर सिंह रावत ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि तीनों ब्लॉकों से कुल 42 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता चार राउंड में संपन्न हुई। जनपद से दो जूनियर और दो सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाना था।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी अगस्त्यमुनि तनुजा देवराड़ी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर चयनित होकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि चयन से वंचित विद्यार्थियों को निराश होने के बजाय निरंतर मेहनत करते रहना चाहिए।निर्णायकों के विवेकपूर्ण निर्णय के बाद सीनियर वर्ग में अटल उत्कृष्ट राइंका गुप्तकाशी के अभिषेक राणा ने प्रथम तथा राइंका स्वीलीसैंण के प्रवीन पंवार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में एवरग्रीन स्कूल ऊखीमठ के आराध्य सजवाण प्रथम तथा नवदीप आदर्श चिल्ड्रन एकेडमी गुप्तकाशी के अविरल द्वितीय रहे।प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दोनों विद्यार्थियों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों का भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। ये चारों विद्यार्थी अक्टूबर 2026 में देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक समन्वयक अगस्त्यमुनि कुसुम भट्ट ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक ऊखीमठ हर्षवर्धन शुक्ला, ब्लॉक समन्वयक जखोली अश्विनी गौड़, डॉ. शैलेश वशिष्ठ, डॉ. सुबोध गैरोला, अनूप गौड़, प्रकाश मेहता, पियूष शर्मा, सुनीता त्रिपाठी, सरला जंगवाण, संगीता राणा, आशीष पंत सहित पत्रकार हरीश गुसाईं मौजूद रहे।










