दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। करीब सात वर्षों से परिवार से दूर चल रहे एक व्यक्ति को रुद्रप्रयाग पुलिस ने तलाश कर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद 20 सितंबर 2026 को गणेश प्रसाद को उनकी मां, पत्नी, मामा और साले के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद परिवार के सदस्य के घर लौटने से परिजनों में राहत और खुशी का माहौल है।पुलिस के अनुसार, ग्राम बगजीवाला निवासी महिला ने अगस्त माह में पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके पति गणेश प्रसाद पुत्र सतेश्वर प्रसाद करीब सात वर्ष पहले रोजगार के सिलसिले में घर से निकले थे। शुरुआती वर्षों में वह परिवार के संपर्क में रहे और अपनी कुशलक्षेम की जानकारी देते रहे, लेकिन बाद में घर लौटने में असमर्थता जताते हुए परिवार से दूरी बना ली।
महिला ने पुलिस को बताया कि लंबे समय तक परिवार को उनके वापस लौटने की उम्मीद थी, इसलिए इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई। बाद में महिला को जानकारी मिली कि गणेश प्रसाद अपनी मां से बातचीत करते हैं, जबकि पत्नी और तीन बेटियों से संपर्क नहीं रखते। महिला ने स्वयं भी पति से बातचीत कर घर लौटने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने घर आने से इनकार कर दिया।इसके बाद महिला ने रुद्रप्रयाग पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोबाइल नंबर को सुराग बनाकर लोकेशन और अन्य जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी और आवश्यक पड़ताल करते हुए गणेश प्रसाद के संबंध में जानकारी जुटाई।पुलिस की कार्रवाई के बाद गणेश प्रसाद को रुद्रप्रयाग लाया गया। 20 सितंबर को उन्हें उनकी मां, पत्नी, मामा और साले के सुपुर्द कर दिया गया। करीब सात वर्ष बाद परिवार से उनका मिलन हुआ तो परिजनों ने राहत की सांस ली।
मोबाइल नंबर बना अहम सुराग: सात साल पुराने इस मामले में मोबाइल नंबर पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ। तकनीकी जानकारी और लगातार की गई पुलिस की पड़ताल के बाद लापता व्यक्ति तक पहुंच बनाई जा सकी। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से अपने परिजन के घर लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को बड़ी राहत मिली है।











