दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। चिल्ड्रेन अकादमी इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 57वें स्थापना दिवस के अवसर पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत सदस्य चोपता संपन्न नेगी, मंदाकिनी शरदोत्सव समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल, राजकीय इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि के प्रधानाचार्य संजय सजवाण तथा राबाइका की प्रधानाचार्य रागिनी नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रवक्ता हीरा सिंह नेगी को एन एस एस में उत्कृष्ट कार्य के लिए ज्ञान गंगा सम्मान से सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिवार की ओर से स्वागत-अभिनंदन कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि चंडी प्रसाद भट्ट ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज सेवा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। विद्यार्थी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं। पूर्व विधायक स्वर्गीय शैलारानी रावत को याद करते हुए कहा कि चिल्ड्रेन अकादमी इंटरमीडिएट कॉलेज उनके द्वारा रोपा गया शिक्षा का एक बहुत सुंदर पौधा है। आज यह पौधा केदारघाटी में शिक्षा के एक मजबूत केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है, जहां से बड़ी संख्या में विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक शैलारानी रावत की शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल को हमेशा याद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिल्ड्रेन अकादमी इंटरमीडिएट कॉलेज केवल शैक्षणिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। यहां से प्रत्येक वर्ष विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की जेन-जी पीढ़ी के सामने अवसरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इन अवसरों का सही दिशा में उपयोग करना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा केवल सोशल मीडिया और तकनीक तक सीमित न रहें, बल्कि तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए समाज और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि एनएसएस जैसी गतिविधियां युवाओं को समाज की वास्तविक परिस्थितियों से रूबरू कराती हैं। सेवा कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों में संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और दूसरों के प्रति सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने जेन-जी को संदेश देते हुए कहा कि अपनी शिक्षा, प्रतिभा और तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करें। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखें और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें। उन्होंने कहा कि बेटियों और युवतियों को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। युवा पीढ़ी यदि जिम्मेदारी, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े तो समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।
जिला पंचायत सदस्य चोपता संपन्न नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। एनएसएस के स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर लोगों को जागरूक करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने में एनएसएस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से युवा पीढ़ी को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास होता है।
कार्यक्रम में मन्दाकिनी शरदोत्सव अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल, पूर्व प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह रावत, वीरांगना समूह अध्यक्ष माधुरी नेगी, भाजपा मीडीया प्रभारी मनेन्द्र कुमार सहित अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों और गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के साथ सामाजिक चेतना और सेवा भावना का विकास विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिपाल कंडारी, प्रशासनिक अधिकारी विक्रम नेगी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी हीरा नेगी, शर्मीला साहनी, वीरेन्द्र बमोला, प्रेम सिंह, पपेंद्र रावत, सौरभ भट्ट, लवली नेगी, वैशाली राज, बंदना रावत, संगीता बिष्ट, सुधा मैठाणी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, एनएसएस स्वयंसेवक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बीपी बमोला द्वारा किया गया।











