दस्तक पहाड न्यूज केदारनाथ।। केदारनाथ धाम क्षेत्र में मंगलवार को दिन के बाद मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश हुई। मौसम में बदलाव के चलते धाम एवं आसपास के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंचना जारी रहा।06 अक्टूबर को शाम 5:45 बजे तक 12,041 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे, जबकि इस वर्ष की यात्रा में अब तक 16,66,229 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
मौसम में आई खराबी को देखते हुए प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के कारण यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, टोपी, दस्ताने और आवश्यक ऊनी वस्त्र साथ रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम खराब होने की स्थिति में श्रद्धालु अनावश्यक रूप से आगे न बढ़ें और मौसम की स्थिति के साथ-साथ प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी लेते रहें। यात्रियों से सुरक्षित यात्रा करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।










