दस्तक पहाड न्यूज पोखरी (चमोली)। पोखरी विकासखंड के बंगथल गांव में भालू का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात भालू ने दो अलग-अलग गोशालाओं के दरवाजे तोड़कर अंदर घुसकर मवेशियों पर हमला कर दिया। हमले में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, भालू ने भगत लाल पुत्र पुष्कर लाल की गोशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। भालू ने एक बैल पर हमला कर उसे मार डाला, जबकि दूसरे बैल को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद भालू ने सुरेंद्र सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह की गोशाला को भी निशाना बनाया और दरवाजा तोड़कर अंदर मौजूद गाय पर हमला कर उसे घायल कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बंगथल गांव में सड़क पर जाम लगा दिया और वन विभाग के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक डीएफओ, रेंजर समेत वन विभाग के अन्य उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक सड़क जाम नहीं खोला जाएगा।
सूचना पर केदारनाथ वन प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं, वन दरोगा आनंद सिंह रावत और गोपाल सिंह रमोला मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार भालू की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से मवेशियों और ग्रामीणों पर खतरा बना हुआ है।ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने, प्रभावित क्षेत्र में प्रभावी निगरानी बढ़ाने तथा मवेशियों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल मौके पर पहुंचकर समझाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि भालू के आतंक को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करनी होगी।इस दौरान ग्राम प्रधान ज्योति देवी, पूर्व प्रधान ललित मिश्रा, भगत लाल, सुरेंद्र नेगी, मिलन मिश्रा, विवेक भारती, मुकेश लाल, कन्हैया प्रसाद भट्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष सावित्री देवी, कुंवरी देवी, कुसुमलता देवी, मंजू देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।










