दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। पिछले 12 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे इशाला गांव के ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। आज ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्राम प्रधान इशाला राजेंद्र राणा के नेतृत्व में ग्रामसभा इशाला सहित जिला क्षेत्र के विभिन्न गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं”, “हम अपना अधिकार मांगते हैं, नहीं किसी से भीख मांगते” जैसे जोरदार नारे लगाकर अपनी आवाज बुलंद की।ग्रामीणों के नारों से जिलाधिकारी कार्यालय परिसर गूंज उठा। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 12 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सड़क की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।लंबे समय से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों का यह प्रदर्शन प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है।










