दस्तक पहाड न्यूज रुद्रप्रयाग। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 और 27 सितंबर को रुद्रप्रयाग जनपद में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर रुद्रप्रयाग जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में 26 सितंबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रुद्रप्रयाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार 26 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।मुख्य शिक्षा अधिकारी रुद्रप्रयाग एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी रुद्रप्रयाग को निर्देश दिए गए हैं कि जिले की सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त गढ़वाल मंडल, पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ/जखोली, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक/बेसिक), जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा जिला सूचना अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।











