दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। विकासखंड जखोली के अंतर्गत बैनोली गांव में गुणखेश्वर मंदिर के अर्चक महात्मा का शव खेत में मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रारंभिक जानकारी में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ग्राम प्रधान बैनोली सूर्यप्रकाश नौटियाल के अनुसार, गांव की कुछ महिलाओं ने खेत में मंदिर के अर्चक महात्मा का शव पड़े होने की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना संबंधित लोगों और पुलिस को दी।घटना के बाद ग्रामीणों के बीच एक व्यक्ति को संदिग्ध बताए जाने और उसके ग्रामीणों के कब्जे में होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में भी अभी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।घटना की सूचना जखोली पुलिस चौकी प्रभारी को दे दी गई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने, घटनास्थल का निरीक्षण करने और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल मृतक की पहचान, मौत के वास्तविक कारण, घटना की परिस्थितियों और हत्या की आशंका के पीछे के तथ्यों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ग्रामीण पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या का मामला है या मौत के पीछे कोई अन्य वजह।










