दस्तक पहाड न्यूज गुप्तकाशी। गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय गुप्तकाशी में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। बुधवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले महाविद्यालय के खेल मैदान के विस्तारीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना भी बेहद जरूरी है। खेल मैदान के विस्तारीकरण से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही आसपास के गांवों के युवाओं को भी बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उचित संसाधनों और अवसरों के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं। मैदान के विस्तारीकरण से स्थानीय युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने तथा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर खेल सुविधाएं मिलें। शिक्षा, खेल और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।इस अवसर पर युवा कल्याण परिषद के सदस्य राकेश भंडारी, जिला विकास प्राधिकरण के सदस्य विपिन सेमवाल, मंडल अध्यक्ष किरन शुक्ला, महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज गैड़ी, विनोद देवशाली, राहुल कुमार, रुचि रावत एवं आयुष सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










