दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता समाप्त करने तथा अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने की मांग को लेकर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।
संघ द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इसी क्रम में 10 जुलाई 2026 को सभी तहसील मुख्यालयों पर प्राथमिक शिक्षक धरना-प्रदर्शन करेंगे और अपनी मांगों के समर्थन में शिक्षा मंत्री तथा भारत सरकार के प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन संबंधित उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित करेंगे।
शिक्षक संघ की प्रमुख मांगों में आरटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को सेवा एवं पदोन्नति के लिए टीईटी से छूट प्रदान करना तथा अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करना शामिल है। संघ ने बताया कि विकासखंड स्तर के सभी प्राथमिक शिक्षक 10 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक संबंधित तहसील परिसरों में धरना देंगे। इसके उपरांत अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री को भेजा जाएगा।शिक्षक संघ ने सभी शिक्षकों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाने की अपील की है।











