दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि।। जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम सिल्ला निवासी अभिषेक भट्ट ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा आयोजित असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी एवं सुपरिंटेंडेंट (लीगल) परीक्षा में उनका चयन हुआ है। अभिषेक के चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अभिषेक भट्ट ने कक्षा 12 तक की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने पेट्रोलियम विश्वविद्यालय, देहरादून से एलएलबी तथा नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली से एलएलएम की उपाधि हासिल की। वर्तमान में वह लखनऊ विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। अभिषेक के पिता सुशील चंद्र भट्ट रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय में अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती कुसुम भट्ट राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारा में गणित विषय की सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। विधि क्षेत्र से जुड़े परिवार में पले-बढ़े अभिषेक ने अपनी मेहनत और लगन से यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।
अभिषेक के चयन पर केंद्रीय विद्यालय अगस्त्यमुनि की प्राचार्य अदिति नेगी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभिषेक की उपलब्धि विद्यालय और क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।
वहीं केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल, पूर्व विधायक मनोज रावत और उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ऐश्वर्या रावत और नगर पंचायत अगस्त्यमुनि अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोस्वामी ने भी अभिषेक भट्ट को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभिषेक की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि अगस्त्यमुनि और पूरे रुद्रप्रयाग जनपद में खुशी का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर विधि के क्षेत्र में हासिल की गई यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए निश्चित रूप से प्रेरणास्रोत है।










