दस्तक पहाड़ न्यूज देहरादून।। करवा चौथ के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। अवकाश घोषित होने से सरकारी कार्यालयों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को करवा चौथ पर्व की तैयारियों और पूजा-अर्चना के लिए समय मिल सकेगा।
करवा चौथ सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं। महिलाएं सुबह से व्रत शुरू करती हैं और शाम को विधि-विधान से करवा चौथ की पूजा करने के बाद चंद्रमा के दर्शन एवं अर्घ्य देकर व्रत का पारण करती हैं।पर्व को लेकर घरों में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहता है। महिलाएं पूजा की तैयारियों के साथ पारंपरिक परिधान और श्रृंगार करती हैं। बाजारों में भी करवा चौथ को लेकर चहल-पहल देखने को मिलती है।सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने से विशेष रूप से महिला कर्मचारियों को पर्व की तैयारियों, पूजा और परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। राज्य में करवा चौथ का पर्व गुरुवार को उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा।










