जमकर हुई खरीदारी, स्वयं सहायता समूहों के पहाड़ी उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र; आज लोकगायक किशन महिपाल और अनीषा आंगन की प्रस्तुतियों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले के तीसरे दिन मेला परिसर में उत्साह और रौनक देखने को मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खरीदारी और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने के लिए दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अगस्त्यमुनि पहुंचे। दर्शकों की भारी भीड़ से मेला परिसर गुलजार नजर आया। लोगों ने जमकर खरीदारी की और मेले में लगे झूलों, चरखी सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियों का भी आनंद उठाया।
मेले के तीसरे दिन आयोजित विद्यालय स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में चिल्ड्रन एकेडमी इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गुरुकुल नेशनल पब्लिक स्कूल अगस्त्यमुनि ने द्वितीय तथा गौरी मेमोरियल पब्लिक इंटर कॉलेज अगस्त्यमुनि ने तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका वरिष्ठ रंगकर्मी दलीप सिंह रावत, श्रीनंद जमलोकी एवं शिक्षक अखिलेश गोस्वामी ने निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सारी वार्ड जयवर्धन कांडपाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैंखण्डी, वरिष्ठ शिक्षाविद एवं संयुक्त शिक्षा निदेशक रमेश प्रसाद चमोली, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल, प्रधान मयकोटी अमित प्रदाली, मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, मनोज राणा, नगर पंचायत सभासद नीरज मलासी, राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री दिनेश भट्ट तथा गौरी मेमोरियल पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय चमोला सहित सतीश गोस्वामी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन कांडपाल ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। इन मेलों को हमारी मातृशक्ति अपनी भागीदारी से जीवंत बनाती है। आज मेला प्रांगण में महिलाओं की उमड़ी भारी भीड़ इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर के साथ भले ही हमारी भावनाओं और जीवनशैली में बदलाव आ रहा हो, लेकिन मेले आज भी आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक एकता और भाईचारे के प्रतीक बने हुए हैं। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैंखण्डी ने कहा कि मेला संस्कृति हमारे समाज की पहचान रही है। मेलों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों, कृषि उपज, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं को एक बड़ा बाजार उपलब्ध होता है। उन्होंने कहा कि मेलों में लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हमारी संस्कृति जीवंत होती है तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
मेले के अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल ने मेले में पहुंचे सभी लोगों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह मेला किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि समस्त जनपदवासियों का है। उन्होंने नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के अध्यक्ष एवं सभासदों से भी मेला परिसर में पहुंचकर आयोजन में सहभागिता करने की अपील की। साथ ही पूर्व में हुए विवाद को लेकर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी और सभी से आपसी सहयोग एवं सौहार्द के साथ मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।
मेले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। उमंग महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर पहाड़ी नमक और अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे पहाड़ी व्यंजन और स्थानीय कोदे से बने मोमो भी लोगों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। बड़ी संख्या में लोग स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के साथ पहाड़ी स्वाद का आनंद ले रहे हैं।
इसके अलावा मेले में युवा कवि सतपाल की पुस्तक ‘पूरा केदार दर्शन’ का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पुस्तक के माध्यम से पाठकों को केदार क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और स्थानीय विरासत से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं के संचालन में मेला समिति के संयोजक विक्रम सिंह नेगी, महासचिव रमेश बेंजवाल, पृथ्वीपाल सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन नेगी, माधुरी नेगी, रणजीत बिष्ट, महेंद्र सजवाण एवं जयदीप नेगी सहयोग कर रहे हैं। मंच संचालन गिरीश बेंजवाल, दीपेंद्र बिष्ट, पूर्व प्रधान नाकोट बलवीर लाल, गंगाराम सकलानी एवं कुसुम भट्ट ने किया।
आज किशन महिपाल और अनीषा आंगन की प्रस्तुतियों का रहेगा आकर्षण
मंदाकिनी शरदोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में आज उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक किशन महिपाल और लोकगायिका अनीषा आंगन अपनी प्रस्तुतियां देंगी। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। लोकगीतों और संगीत की इस शाम में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।










