दस्तक पहाड न्यूज ऊखीमठ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ के उच्चीकरण, चिकित्सकों एवं अन्य मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति तथा मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा को शीघ्र धरातल पर उतारने की मांग को लेकर तहसील परिसर ऊखीमठ में चल रहा क्रमिक अनशन शुक्रवार को छठे दिन भी जारी रहा।
आंदोलन के पांचवें दिन केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल धरना स्थल पर पहुंचीं और आंदोलनकारियों से वार्ता की। आंदोलनकारियों ने विधायक के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए पीएचसी ऊखीमठ के उच्चीकरण और चिकित्सकों की नियुक्ति के संबंध में शीघ्र शासनादेश जारी करने की मांग की। विधायक ने शासनादेश जारी कराने के लिए एक माह का समय देने की बात कही, लेकिन आंदोलनकारियों ने एक माह तक इंतजार करने पर सहमति नहीं जताई। इस दौरान विधायक को स्थानीय लोगों और आंदोलनकारियों के विरोध का भी सामना करना पड़ा।
धरना स्थल से व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भट्ट ने स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे से फोन पर वार्ता की। उन्होंने केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा का हवाला देते हुए पीएचसी ऊखीमठ के उच्चीकरण तथा चिकित्सकों की नियुक्ति के संबंध में शीघ्र शासनादेश जारी करने की मांग की।वार्ता के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने 15 दिनों के भीतर शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने स्वास्थ्य सचिव के आश्वासन को देखते हुए अगले 15 दिनों तक क्रमिक अनशन जारी रखने का निर्णय लिया।
आंदोलनकारियों और स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर पीएचसी ऊखीमठ के उच्चीकरण एवं चिकित्सकों की नियुक्ति से संबंधित शासनादेश जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके तहत उग्र आंदोलन के साथ आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। आंदोलनकारियों ने कहा कि इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।











