दस्तक पहाड न्यूज कोटद्वार।। उत्तराखंड के कोटद्वार क्षेत्र के स्नेह में मंगलवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के आंगन में खेल रहे 8 वर्षीय मासूम बच्चे पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार बच्चे को अपने जबड़ों में दबाकर जंगल की ओर ले जाने लगा।बेटे की चीख सुनते ही मां घर से बाहर दौड़ी। सामने खूंखार गुलदार था और उसके जबड़ों में उसका कलेजे का टुकड़ा! लेकिन मां ने हिम्मत नहीं हारी। जान की परवाह किए बिना गुलदार का पीछा किया और डंडे से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।मां के इस अदम्य साहस के आगे आखिरकार गुलदार को बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भागना पड़ा।हमले में बच्चे के गले पर गंभीर जख्म आए हैं। उसे तत्काल बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल सामान्य है।
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और गुलदार को पकड़ने अथवा मारने की मांग उठने लगी है।एक मां के साहस ने मौत के जबड़े से अपने बच्चे को वापस छीन लिया। सवाल यह है कि आखिर कब तक पहाड़ के लोग वन्यजीवों के आतंक के साये में जीने को मजबूर रहेंगे? मां के इस अदम्य साहस को शत-शत नमन!










