दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि।। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को सिल्ली, अगस्त्यमुनि और विजयनगर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों और डेयरी कारोबारियों के यहां औचक निरीक्षण किया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल और फूड सुपरवाइजर सतवीर रावत के नेतृत्व में पहुंची टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान पांच प्रतिष्ठानों से बालूशाही, गुलाब जामुन, बेसन का लड्डू, बीकानेरी बर्फी और गाय के दूध के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं की ट्रे भी जांची गई। विभाग के अनुसार अब सभी मिठाई विक्रेताओं ने अपनी विक्रय ट्रे पर मिठाई की निर्माण तिथि और उपभोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करना शुरू कर दिया है।वहीं, कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर कारोबारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। एक प्रतिष्ठान में जीरे के छोटे पाउच और पापड़ एक्सपायरी पाए गए, जिन्हें खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही संबंधित कारोबारी को कड़ी फटकार लगाई गई।खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी, एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री और स्वच्छता मानकों की अनदेखी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।









