दस्तक पहाड़ न्यूज | अगस्त्यमुनि।। विकासखंड अगस्त्यमुनि के तल्लानागपुर क्षेत्र स्थित चोपता बाजार की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से मुलाकात कर शीघ्र समाधान की मांग की है। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
चोपता बाजार तल्लानागपुर क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक एवं सामाजिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन आसपास की कई ग्राम सभाओं से हजारों ग्रामीण आवश्यक वस्तुओं की खरीद-फरोख्त और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। बावजूद इसके बाजार आज भी पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा है।जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं। उन्होंने विशेष रूप से अधूरे पॉलीटेक्निक भवन का निर्माण, स्वीकृत पार्किंग का निर्माण, तल्लानागपुर पेयजल फेस-2 योजना को पूरा करने तथा तल्लानागपुर–तुंगनाथ पेयजल योजना के पुनर्गठन की मांग उठाई। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि चोपता बाजार न केवल व्यापार का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों की भी धुरी है। यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित होने से व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी।प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगे।











