दस्तक पहाड न्यूज ऊखीमठ। । तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने डीडीआरएफ एवं आपदा मित्र तुंगनाथ की रेस्क्यू टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया। वहीं, एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीमों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अलर्ट किया गया।
रेस्क्यू टीमों ने महिला की तलाश में देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा, अत्यधिक ढलान, गहरी खाई और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते महिला का पता नहीं चल सका। सुरक्षा को देखते हुए रात में अभियान स्थगित करना पड़ा।सोमवार 21 सितंबर 2026 की सुबह रेस्क्यू टीमों ने दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। टीम को सुबह 7:56 बजे महिला के मिल जाने की सूचना मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने महिला को सुरक्षित खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।रेस्क्यू अभियान में डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र की टीमें लगातार जुटी रहीं। दुर्गम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीमों की तत्परता से महिला का सुरक्षित पता लगाया जा सका।











