दस्तक पहाड़ न्यूज अगस्त्यमुनि। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। ऋषिकेश में 13 एवं 14 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध 18 राजकीय महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि की छात्राओं अंहिसा रौतेला एवं मोनिका नेगी की जोड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए डबल्स मुकाबले में विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, महाविद्यालय के छात्र पवन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवीं रैंक हासिल की और नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। महाविद्यालय के टीम मैनेजर आशीष बर्त्वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंहिसा रौतेला और मोनिका नेगी की जोड़ी ने डबल्स में जीत हासिल कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया, जबकि पवन ने पांचवीं रैंक प्राप्त कर नॉर्थ जोन के लिए अपनी जगह बनाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. के.सी. दुदपुड़ी ने विजेता छात्राओं एवं नॉर्थ जोन के लिए चयनित छात्र पवन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। खेल प्रतियोगिताओं में इस प्रकार की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










