दस्तक पहाड न्यूज अगस्त्यमुनि। बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कला मंच अगस्त्यमुनि में सोमवार को इगास बग्वाल-2 का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न गांवों और नगरों से पहुंची महिलाओं ने मांगल गायन, झूमेलो, कीर्तन और नाटक की शानदार प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति के रंग बिखेरे। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से मातृशक्ति ने अपनी पारंपरिक कला, प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम संयोजक त्रिभुवन चौहान ने कहा कि इगास पर्व पर मातृशक्ति को सम्मान और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना लोकपरंपराओं को आगे बढ़ाने की एक नई पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए केवल बातें करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके लिए धरातल पर निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन लोकसंस्कृति के संरक्षण के साथ ही महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।प्रतियोगिताओं के परिणामों में कीर्तन में आदर्श कीर्तन मंडली नाकोट, झूमेलो में हंस वाहिनी बवाई, मांगल गायन में हंस वाहिनी बवाई तथा नाटक में कंडारा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका कार्तिक अग्रवाल, प्रकाश बड़वाल और श्रीनंद जमलोकी ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन सुशील गोस्वामी ने किया।सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण लोकगायक विजय पंत रहे। उनके लोकप्रिय गीत ‘पंत दिदा’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गीत की धुन पर पूरा परिसर उत्साह और उमंग से भर उठा। पारंपरिक लोकगीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच आयोजित इगास बग्वाल-2 ने उत्तराखंड की लोकपरंपराओं के संरक्षण और मातृशक्ति की प्रतिभा को मंच देने का संदेश दिया।










